मशहूर टीवी ऐंकर रोहित सरदाना की हार्ट अटैक से मौत (Journalist Rohit Sardana’s death) हो गई। वह कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। नोएडा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वह लंबे समय तक ‘जी न्यूज’ में थे और इस समय ‘आजतक’ चैनल में सेवाएं दे रहे थे। शाम को प्रसारित होने वाले डिबेट शो ‘दंगल’ की वह ऐंकरिंग करते थे। उन्हें पत्रकारिता जगत के कई पुरस्कारों से भी नवाजा गया था और बेबाक तरीके से अपनी बात रखने के लिए जाना जाता था। पत्रकारिता और राजनीति के कई बड़े चेहरों ने ट्वीट करके उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
रोहित सरदाना अपने सवालों और बोलने के तरीकों से लोगों के दिलों में बसते थे। उनके साथ काम करने वाले लोगों का कहना है कि रोहित सरदाना की हिंदी भाषा पर बहुत अच्छी पकड़ थी। बता दें कि साल 2018 में रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी अवॉर्ड से नवाजा गया था।
भले ही कोरोना की वजह से आज रोहित सरदाना इस दुनिया को अलविदा कह गए लेकिन एक दिन पहले तक वो सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे और लोगों की मदद कर रहे थे। रेमडेसिविर इंजेक्शन हो या अस्पताल में बेड, रोहित सरदाना अपने स्तर से लोगों की मदद कर रहे थे।
Journalist Rohit Sardana’s death पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर निधन पर शोक जताया
पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर रोहित सरदाना के निधन पर शोक जताया है- ‘रोहित सरदाना ने हमें बहुत जल्द छोड़ दिया। ऊर्जा से भरपूर…। उनके असामयिक निधन ने मीडिया जगत में एक बहुत बड़ा शून्य छोड़ दिया है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। शांति।’
इसे भी पढ़ें: 7th Pay Commission: सरकार ने दिया केंद्रीय कर्मचारियों को झटका, जुलाई 2021 में नहीं बढ़ेगा TA
कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने ट्विटर पर लिखा, ‘विश्वास ही नहीं हो रहा कि रोहित जी हमारे बीच नहीं रहें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शान्ति। ‘ अभिषेक मनु सिंघवी ने लिखा, ‘अविश्वसनीय,अकल्पनीय,कोरोना के क्रूर चक्र ने एक शानदार पत्रकार को लील लिया | ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें | ॐ शांति।’
इसे भी पढ़ें: SBI की पहल, 30 करोड़ रुपये की लागत से कोरोना मरीजों के लिए बनाएगा अस्थाई अस्पताल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी रोहित सरदाना के निधन पर शोक जताया और कहा कि देश ने एक बहादुर पत्रकार खो दिया है। वह हमेशा निष्पक्ष और बेबाक रिपोर्टिंग के लिए खड़े थे। भगवान दुख की घड़ी में परिवार को सहनशक्ति दे।
राजनाथ सिंह ने एक ट्वीट में कहा
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘कम समय में मीडिया जगत में स्थान बनाने वाले पत्रकार रोहित सरदाना के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। वे प्रतिभाशाली और प्रभावी पत्रकार थे। पत्रकारिता जगत को नुकसान हुआ है।’ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी ट्वीट करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों की लिस्ट में राजद नेता तेजस्वी यादव, पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं।