Bihar Latest Weather Update : बिहार के इन जिलों में होली के दिन तेज बारिश के आसार, IMD की तरफ से जारी हुआ अलर्ट

पश्चिम विक्षोभ के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कटिहार के अमदाबाद में सबसे अधिक 42 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी। वहीं बक्सर के चौसा में 26.8, अररिया के जोकीहाट में 24.8 और कटिहार में 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी। मौसम विज्ञान केन्द्र पटना के वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि है कि अगले 24 घंटों के दौरान सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार और औरंगाबाद जिले के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।

24 और 25 को सीतामढ़ी और किशनगंज समेत इन 7 जिलों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 23 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज और औरंगाबाद जिले में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जर, वज्रपात को लेकर चेतावनी दी गई है। 24 मार्च को सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश के आसार है। 25 मार्च को भी सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में छिटपुट बारिश संभव है।

इसे भी पढ़ें: 25 March 2024 Grahan Time in Hindi : जानिए होली के दिन लगने वाला चंद्र ग्रहण आपके शहर में कितने बजे लगेगा और इसे कैसे देख पाएंगे

दरभंगा का तापमान सबसे अधिक 30.4 डिग्री

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश के कारण तापमान में गिरावट जारी है। शुक्रवार को पटना के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री गिरावट के साथ 28.1 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। 30.4 डिग्री सेल्सियस के साथ दरभंगा में सबसे अधिक तापमान रहा।

पटना और आसपास के इलाके में बादल छाए रहने की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र अनुसार एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन का क्षेत्र झारखंड और असम के आसपास बना हुआ है। शनिवार की रात पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसके कारण 24 और 25 मार्च को राज्य के उत्तर-मध्य और उत्तर पूर्व भागों में बारिश की संभावना है। इस दौरान पटना और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना हैं।